
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार द्वारा आज राजकीय महाविद्यालय, कुछेछा में बनाए गए संभावित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में की गई आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां पूर्ण एवं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने राहत शिविर में आवास, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा राहत शिविर में आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए।
उन्होंने शिविर में लोगों के ठहरने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविर परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जनपद में बाढ़ की स्थिति नहीं है, लेकिन संभावित परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूर्व तैयारी के तहत राहत एवं बचाव संबंधी सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति में जनसामान्य की सुरक्षा एवं राहत के लिए पूरी तरह तैयार है। राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

