

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैम्प की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की गई।
बैठक में सभी प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि कैम्प स्थल पर विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ वितरण सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें कैम्प में उपस्थित कराएं, ताकि कार्यक्रम को पूर्णतः सफल बनाया जा सके।
बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
इस मेगा लीगल कैम्प के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी तथा त्वरित समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।