
“भविष्य से भेंट” एवं प्रवेश उत्सव कार्यक्रम: शालाओं में निरीक्षण, मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन का माहौल
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा एवं सौसर क्षेत्र में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न शासकीय शालाओं में व्यापक निरीक्षण एवं विद्यार्थियों से संवाद का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेरित कर उनके शैक्षणिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के तहत शासकीय हाई स्कूल खेड़ीकला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंधराखेड़ी, पीएम श्री स्कूल तिगांव, शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नांदनवाड़ी, मांगुरली तथा शासकीय हाई स्कूल सावरगांव सहित अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें पढ़ाई के प्रति जागरूक किया गया और उनके लक्ष्य निर्धारण में मार्गदर्शन दिया गया।
इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोरगांव में आयोजित “प्रवेश उत्सव एवं भविष्य भेंट” कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पाठ्यपुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य तय करने और भविष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साथ ही विद्यालय की लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें भेंट कर शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

वहीं “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल MPL पांढुर्णा का निरीक्षण मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजकुमार इवनाती द्वारा किया गया, जहां विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान की गई।

सौसर में भी यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। शासकीय प्रभावती मानेकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को पुस्तिकाएं वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं शासकीय हाई स्कूल घोटकी बागोड़ा में अनुविभागीय अधिकारी (जल संसाधन, उपसंभाग सौसर) द्वारा निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया गया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

समग्र रूप से “भविष्य से भेंट” एवं “प्रवेश उत्सव” कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास किया गया, जो निश्चित ही उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

