

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। जनपद हमीरपुर के मौदहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सायार में मनरेगा कार्यों की ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। NMMS (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) ऐप पर 18 फरवरी 2026 को अपलोड की गई उपस्थिति प्रविष्टियों में कई मस्टर रोल में “Second Photo is not uploaded!” दर्ज है, जबकि नियमानुसार प्रत्येक कार्यस्थल पर समयानुसार दो फोटो अनिवार्य बताई जाती हैं।

मनरेगा में ‘एक फोटो’ से हाजिरी! NMMS ऐप पर दूसरी फोटो गायब, एक ही लोकेशन–अलग मस्टर, उठे बड़े सवाल
ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार जालरोक बंध से संबंधित कार्यों के अलग-अलग मस्टर नंबरों (जैसे 10713, 10714, 10715, 10716, 10717, 10718, 10719, 10720 आदि) में समूह फोटो अपलोड दिख रहा है, परंतु दूसरी फोटो अपलोड नहीं है। सभी प्रविष्टियों में हाजिरी 18 फरवरी 2026 की दर्ज है और अधिकांश में जियो-कोऑर्डिनेट लगभग एक ही स्थान के आसपास दर्शाए गए हैं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि एक ही दिन, एक ही लोकेशन और लगभग एक जैसे समयांतराल में अलग-अलग मस्टर पर उपस्थिति दर्ज होना जांच का विषय है। यदि अलग-अलग मस्टर पर अलग टीम काम कर रही थी, तो प्रत्येक के लिए दो-दो फोटो क्यों नहीं अपलोड की गईं?
रिकॉर्ड में फोटो “Taken by: MONA (Designation: Mate)” दर्शाया गया है। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या नियमानुसार सुबह-शाम या निर्धारित अंतराल की फोटो ली गईं? यदि ली गईं तो दूसरी फोटो सिस्टम पर क्यों नहीं दिख रही?
मनरेगा नियमों के अनुसार NMMS ऐप से जियो-टैग्ड फोटो के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी है, ताकि फर्जी हाजिरी और कागजी उपस्थिति पर रोक लगे। लेकिन जब पोर्टल पर ही “Second Photo is not uploaded!” का उल्लेख हो, तो पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाए तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाए तो जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराता है या फिर मामला कागजों में ही सिमट कर रह जाएगा।