

स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, शिक्षा विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
कटनी: जिले के कैमोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बम्हनगवां में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के शासकीय प्राथमिक शाला में बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की दबकर मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार रोज की तरह स्कूल गया था। दोपहर के समय जब वह स्कूल परिसर में स्थित शौचालय के पास था, तभी अचानक जर्जर बाउंड्री वॉल भरभरा कर उसके ऊपर गिर गई। मासूम छात्र मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
समय पर नहीं मिली एम्बुलेंस
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। गंभीर हालत को देखते हुए बच्चे को ऑटो से विजयराघवगढ़ स्थित शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक छात्र राजकुमार के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। बताया गया है कि करीब डेढ़ साल पहले उसके पिता की मौत टीबी (TB) की बीमारी से हो गई थी। राजकुमार की मां दूसरों के घरों में काम करके और शाम को फुलकी-चाट बेचकर अकेले ही अपने बच्चे का पालन-पोषण कर रही थीं। इस हादसे ने उस मां का इकलौता सहारा भी छीन लिया।
प्रशासन पर उठते सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं कि आखिर जर्जर दीवार की मरम्मत समय पर क्यों नहीं की गई?