

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। पिछले 20 दिन से बगैर बरसात के पड़ रहे कोहरे के चलते दलहनी एवं तिलहनी फसलों में पैदा हुए कीट पतंगों की धूप खिलते ही खत्म होने की संभावना बनने लगी है।
गत 20 दिनों से पूरा क्षेत्र भीषण कोहरे एवं सर्दी की चपेट में रहा है। बगैर बरसात के लगातार कोहरा पड़ने तथा धूप गायब रहने से सरसों, मटर, मसूर, चना, अरहर आदि की फसलों में माहू, एवं सूंड़ी का प्रकोप बढ़ गया था। इससे किसान परेशान हो उठा था। लेकिन पिछले दो दिनों से धूप खिलने से किसानों ने राहत महसूस की है। किसान राधेश्याम सिंह, चंद्रभान कुशवाहा, रामखेलावन, रमेश कुमार, महेश लखेरा, प्रदीप गुप्ता, घसीटा गुप्ता सुरेश गुप्ता आदि ने बताया कि लगातार पड़ रहे कोहरे से फसलों में विपरीत असर पड़ रहा था। धूप गायब होने से कीट पतंगों की संख्या में इजाफा होने लगा था, लेकिन अब धूप खिलने से इनकी बढ़ोतरी में विराम लगेगा और पछुआ हवा एवं धूप पाकर फसलों में सुधार होगा। कृषि रक्षा इकाई के तकनीकी सहायक अजित कुमार शुक्ला ने बताया कि किसान फसलों को कीट पतंग से बचने के लिए डाईमिथियोट दो एमएल प्रति लीटर पानी का घोल बनाकर छिड़काव करें। फसलों में कीट पतंग का प्रकोप खत्म हो जाएगा।