
स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन की क्षेत्रीय प्रबंधक ने जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायतों में किया ‘संकल्प से समाधान’ अभियान का निरीक्षण

फरवरी (06 फरवरी)- मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन लिमिटेड की क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती साधना परस्ते ने शुक्रवार को जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत पडुआ एवं ग्राम पंचायत गनियारी में संकल्प से समाधान अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर सर्वे, विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती परस्ते ने स्वयं ग्रामीणों के घर पहुंचकर जमीनी स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम पंचायत गनियारी में हितग्राही शकुन हल्दकर के घर पहुंचकर सर्वे दल द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। वहीं ग्राम पंचायत पडुआ में सोम बाई पटेल के निवास पर जाकर उनके परिवार की स्थिति समझते हुए उन्हें किन-किन शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है, इस संबंध में विस्तार से चर्चा की।
श्रीमती परस्ते ने निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार इस अभियान में सम्मिलित सभी विभागों के अधिकारी घर-घर पहुंचकर पात्र ग्रामीणों का चिन्हांकन करें तथा उन्हें समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कटनी से विकासखंड समन्वयक श्री जग्गी पटेल एवं सर्वे दल के सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो-02,03,04
क्रमांक-617/88