

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर।राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता एवं तार्किक दृष्टिकोण के विकास हेतु विज्ञान प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडल, प्रयोग एवं नवाचारी विचार प्रस्तुत कर दर्शकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कुलदीप निषाद अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हमीरपुर, विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी एवं जिलाधिकारी हमीरपुर घनश्याम मीणा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, प्रयोगशीलता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है, जो भविष्य के सशक्त भारत की नींव है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में आलोक सिंह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हमीरपुर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान एवं नवाचार आज के युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण से भी जोड़ें।
विज्ञान प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रश्नोत्तरी, नवाचार प्रस्तुति एवं अन्य शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रत्येक विकास खंड से 5 बच्चों ने विज्ञान प्रदर्शनी एवं विकास खण्ड सरीला की टीम ने विचज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सुमेरपुर की टीम एवं तृतीय स्थान पर कुरारा टीम रही। क्विज प्रतियोगिता में विकास खण्ड सरीला के पुष्पेन्द्र, प्रीती देवी, पूनम, नंद कुमारी, व पूनम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, विकास खण्ड सुमेरपुर के अंश कुशवाहा, रचना, संध्या देवी, दिव्यांश व अंशिका देवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान प्रदर्शनी में विजयी 5 बच्चों को टैबलेट, बैग एवं स्टेशनरी व प्रशस्ति पत्र, क्विज प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को विज्ञान किट एवं स्टेशनरी, बैग व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इससे पूर्व इन्हें मॉडल निर्माण आदि के लिए 3000 रुपए की धनराशि भी प्रदान की गई थी। शिक्षक श्री अरूण भदौरिया द्वारा लिखित पुस्तक प्रायोगिक विज्ञान सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक, एस०आर०जी०, ए०आर०पी० एवं शिक्षक उपस्थित रहे।