
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बेतवा पुल हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एआरटीओ विभाग के सेवानिवृत्त अकाउंटेंट की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जनपद बांदा निवासी मंजूर अहमद अपने साथी जी.के. त्रिपाठी निवासी कानपुर नगर के साथ मोटरसाइकिल से बांदा से हमीरपुर आ रहे थे। इसी दौरान बेतवा पुल पर पीछे से तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंजूर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे जी.के. त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा।

