*अम्बेडकरनगर में चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल! सरकारी फाइलों में पंजीकृत सेंटर गिनती के, बाजारों में अवैध जांच केंद्रों की भरमार; सील सेंटर से भी जारी मरीजों की जांच और रिपोर्ट का खेल!*
*प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना भी विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ी? गर्भवती महिलाओं को नजदीक में निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं, शिकायतों के बावजूद अवैध जांच केंद्रों पर प्रभावी कार्रवाई का अभाव। जिलाधिकारी ईशा प्रिया से हस्तक्षेप की मांग।*
*अम्बेडकरनगर।* जनपद का चिकित्सा विभाग इन दिनों अपनी कार्यप्रणाली और कथित विभागीय अनियमितताओं को लेकर चर्चाओं में है। एक ओर प्रदेश सरकार आमजन को निशुल्क, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर जनपद में निजी पैथोलॉजी सेंटरों, अल्ट्रासाउंड केंद्रों, नर्सिंग होम और अस्पतालों के संचालन को लेकर लगातार उठ रहे सवाल सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर उजागर कर रहे हैं।
जनपद के विभिन्न कस्बों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास निजी जांच केंद्रों की भरमार दिखाई देती है। वहीं, सरकारी योजनाओं के तहत मरीजों को नजदीकी जांच सुविधा उपलब्ध कराने की बात आती है तो विभागीय अभिलेखों में पंजीकृत एवं अनुबंधित केंद्रों की संख्या बेहद सीमित बताई जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विभागीय रिकॉर्ड में जांच केंद्रों की संख्या नाममात्र है तो बाजारों में इतनी बड़ी संख्या में जांच केंद्र आखिर किसकी अनुमति और किसके संरक्षण में संचालित हो रहे हैं?
जनपद में अवैध रूप से संचालित जांच केंद्रों, अस्पतालों और अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा मरीजों का उपचार किए जाने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्थाओं, मरीजों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं के नाम पर धन उगाही की शिकायतें भी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। इसके बावजूद शिकायतों पर प्रभावी और स्थायी कार्रवाई नहीं होने से विभागीय कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है।
*प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना में भी सामने आई विभागीय व्यवस्था की तस्वीर*
मामला केवल निजी जांच केंद्रों के संचालन तक सीमित नहीं है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को नजदीकी इम्पैनल्ड केंद्रों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। लेकिन बसखारी क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को इस सुविधा के लिए जनपद मुख्यालय तक भेजे जाने की स्थिति को लेकर शिकायत की गई थी।
शिकायत के जवाब में तत्कालीन प्रभारी चिकित्साधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी ने अपनी आख्या दिनांक 30.04.2026 में अवगत कराया कि बसखारी ब्लॉक के नजदीक कोई अल्ट्रासाउंड सेंटर पंजीकृत नहीं होने के कारण उसे योजना के तहत अनुबंधित नहीं किया जा सका।
इसके बाद शासन स्तर पर पुनः शिकायत किए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अम्बेडकरनगर ने जिलाधिकारी को प्रेषित कार्यालय पत्रांक 1824, दिनांक 21.05.2026 के माध्यम से बताया कि बसखारी में तीन ऐसे केंद्र हैं जिनका क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट के अंतर्गत पंजीकरण है, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के लिए पंजीकृत नहीं किया जा सकता। वहीं केवल एक अल्ट्रासाउंड सेंटर समर्थ डायग्नोस्टिक सेंटर को योजना के तहत इम्पैनल्ड किए जाने की प्रक्रिया चलने की जानकारी दी गई।
अब यहां सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि जब विभागीय अभिलेखों के अनुसार केवल एक केंद्र को ही योजना के तहत अल्ट्रासाउंड के लिए इम्पैनल्ड किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी तो बसखारी बाजार में अन्य निजी जांच एवं अल्ट्रासाउंड केंद्र किस वैधानिक आधार पर संचालित हो रहे हैं? क्या संबंधित अधिकारियों को इन केंद्रों की जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है तो उनके पंजीकरण और संचालन की वैधानिक स्थिति सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती?
*सील होने के बाद भी लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर उठे सवाल*
बसखारी का लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर लंबे समय से विवादों और शिकायतों के घेरे में रहा है। लगातार शिकायतों के बाद काफी समय बीतने पर सक्षम अधिकारियों द्वारा सेंटर को सील किए जाने की कार्रवाई की गई।
लेकिन आरोप है कि सील किए जाने के बावजूद सेंटर के माध्यम से कथित तौर पर बैकडोर से जांच रिपोर्ट तैयार कर मरीजों तक पहुंचाई जा रही हैं। कभी सादे कागज पर रिपोर्ट देने तो कभी सेंटर का नाम बदलकर रिपोर्ट तैयार किए जाने संबंधी आरोप भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
यदि सील किया गया सेंटर वास्तव में किसी दूसरे नाम अथवा माध्यम से संचालित हो रहा है तो यह संबंधित अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। आखिर सीलिंग की कार्रवाई के बाद भी ऐसी गतिविधियों की शिकायतें सामने कैसे आ रही हैं? क्या विभाग ने सील किए गए प्रतिष्ठान की दोबारा जांच कराई? यदि कराई तो उसकी रिपोर्ट और कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि अवैध संचालन के विरुद्ध शिकायत करने वालों को ही कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि ऐसा है तो यह न केवल शिकायतकर्ताओं के अधिकारों से जुड़ा मामला है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही के लिए भी गंभीर विषय है।
*विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी आखिर कौन तय करेगा?*
जनपद में निजी पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर, नर्सिंग होम और अस्पतालों के पंजीकरण, संचालन तथा समय-समय पर निरीक्षण की जिम्मेदारी संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों की है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि बिना वैधानिक अनुमति संचालित प्रतिष्ठानों पर नियमित कार्रवाई क्यों नहीं होती? सील किए गए केंद्र दोबारा संचालित होने की शिकायतों पर तत्काल जांच क्यों नहीं कराई जाती? और सरकारी योजनाओं के अंतर्गत नजदीकी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में आखिर बाधा क्या है?
क्या विभागीय निगरानी में कमी के कारण ऐसे प्रतिष्ठानों को बढ़ावा मिल रहा है अथवा कहीं जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों के बीच कथित मिलीभगत का खेल तो नहीं चल रहा है? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकता है।
*जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से जनता को न्याय मिलने की उम्मीद*
अब जनपदवासियों की निगाहें जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया पर टिकी हैं। उनसे अपेक्षा है कि पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी पैथोलॉजी सेंटरों, अल्ट्रासाउंड केंद्रों, निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होमों के पंजीकरण और संचालन की व्यापक जांच कराई जाए।
विशेष रूप से बसखारी क्षेत्र में संचालित सभी जांच केंद्रों की वैधानिक स्थिति की जांच, सील किए गए लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर के कथित बैकडोर संचालन की पड़ताल तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को नजदीकी केंद्रों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
साथ ही यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा निजी संचालक की मिलीभगत या नियमविरुद्ध गतिविधियां प्रमाणित होती हैं तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अम्बेडकरनगर की चिकित्सा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं का यह सिलसिला कब थमेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी या फिर शिकायतों, जांचों और कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा?
क्योंकि चिकित्सा व्यवस्था में लापरवाही केवल सरकारी व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।
