डिण्डौरी वार्ड नंबर 2 स्थित इमली कुटी रोड पर एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से बेवजह स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का मामला सामने आया है। रहवासियों का कहना है कि सड़क पर बनाए गए इस अनाधिकृत एवं असुविधाजनक स्पीड ब्रेकर के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्पीड ब्रेकर न तो उचित मानकों के अनुरूप दिखाई देता है और न ही इसके संबंध में पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। अचानक सामने आने वाले इस स्पीड ब्रेकर के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।नगर परिषद में दिया आवेदन, फिर भी कार्रवाई नहीं
समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर परिषद में आवेदन देकर स्पीड ब्रेकर की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
रहवासियों ने नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर स्पीड ब्रेकर की वैधता एवं निर्माण की जांच की जाए। यदि यह नियमों के विरुद्ध पाया जाता है तो इसे हटाकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करे, ताकि इमली कुटी रोड पर आवागमन सुरक्षित हो सके।
