संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 26 सितंबर 2026
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग लगातार अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है।
इसी कड़ी में आबकारी वृत्त पांढुर्णा के अंतर्गत आने वाले ग्राम घोघरी, टेमनी और जूनेवानी में अवैध शराब के ठिकानों पर अचानक दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी दल ने नालों के किनारे और जंगल की झाड़ियों में चल रही अवैध शराब की भट्टियों पर छापा मारा।
मौके से हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसका सैंपल लेकर बाकी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, 20 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त कर विभाग के कब्जे में ले ली गई।
इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) और 34(1)(च) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल, आबकारी आरक्षक मुकेश राहांगडाले और अंकुश मरावी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
