संवाददाता सुरेश पूनिया करणीसर ''राजस्थान में चिकित्सा व्यवस्था को सुधारने के दावे करने वाली भाजपा सरकार के शासन में सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव के नाम पर 762 करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े का खुलासा बेहद गंभीर और शर्मनाक है। समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 13 अस्पतालों में वेंटिलेटर और ब्लड टेस्ट जैसी महत्वपूर्ण मशीनें खराब मिलीं, जबकि कागजों में उनके दुरुस्त होने के रिकॉर्ड दर्ज हैं।
कहीं इंजीनियर को अस्पताल पहुंचने में 1 से 5 घंटे लगते हैं, तो कहीं महज 125 सेकंड में मशीन ठीक करने का रिकॉर्ड बना दिया जाता है। यह महज तकनीकी लापरवाही नहीं, बल्कि मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला है।
आखिर सरकारी अस्पतालों में मशीनों के रखरखाव के नाम पर चल रहे इस कथित फर्जीवाड़े की जिम्मेदारी कौन लेगा ? क्या चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और संबंधित कंपनियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा है ?
क्या सरकार की निगरानी व्यवस्था इतनी कमजोर है कि अस्पतालों में मशीनें खराब पड़ी हैं और कागजों में उन्हें ठीक बताकर भुगतान किया जा रहा है ? प्रदेश की जनता को विज्ञापनों और कागजी आंकड़ों में नहीं, बल्कि अस्पतालों में चालू मशीनें, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और बेहतर उपचार चाहिए।
मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सरकार को इस मामले में तत्काल प्रभाव से दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए।''
: हनुमान बेनीवाल, RLP सुप्रीमो व नागौर सांसद