
दीपक शर्मा की रिपोर्ट
मां नर्मदा घाट पर पूजा-अर्चना के बाद विधायक सेना महेश पटेल एवं पुष्पराज पटेल ने कांवड़ लेकर की पदयात्रा, बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और युवा हुए शामिल
आलीराजपुर;- श्रावण के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर आदिवासी विकास परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल , पूर्व विधायक मुकेश पटेल के भांजे और युवा नेता जयेन्द्र खरात के नेतृत्व में ककराना से वालपुर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ महिलाएं, बच्चे और युवा कांवड़ लेकर पैदल शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा के शुभारंभ से पूर्व मां नर्मदा घाट, ककराना पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके पश्चात जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल एवं युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री पुष्पराज पटेल ने स्वयं कांवड़ उठाकर पदयात्रा में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आराधना का पवित्र अवसर है। कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। महिलाओं, बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता क्षेत्र की धार्मिक आस्था और उत्साह को दर्शाती है।
विधायक ने भव्य कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए युवा नेता जयेन्द्र खरात को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में आगे बढ़कर सहभागिता करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
ककराना से वालपुर तक निकली कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे। पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण में नजर आया। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी कांवड़ लेकर पैदल चलते दिखाई दिए, वहीं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं अच्छी वर्षा की कामना की। सावन के दूसरे सोमवार पर आयोजित इस भव्य कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, भक्ति, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।

