आगजनी से पीड़ित बुजुर्ग महिला के परिवार को महेश पटेल ने पहुंचाई राहत, विधायक सेना पटेल ने भी की आर्थिक सहायता
कुल 50 हजार रुपये की सहायता दी, कलेक्टर से रेडक्रॉस के माध्यम से अतिरिक्त मदद और पक्का मकान स्वीकृत करने की मांग
आलीराजपुर:- डूंगरगांव के प्रतापपुरा कास्टियाकुवा फलिया में तीन दिन पूर्व आगजनी की घटना में बुजुर्ग महिला बाईड़ी पति पीड़िया का मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग महिला भी उसकी चपेट में आ गईं, जिससे उनके हाथ झुलस गए। हादसे में घर में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े, किराना सामग्री सहित पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिवार को बर्तन, अनाज, कपड़े, किराना सामग्री, ओढ़ने-बिछाने के कपड़े सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री और ₹5,000 नकद सहायता प्रदान की।
वहीं, जोबट विधायक सेना महेश पटेल की ओर से विधायक स्वेच्छानुदान निधि से ₹25,000 की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल लगभग ₹50,000 की सहायता प्रदान की गई।
महेश पटेल ने जिला कलेक्टर से पीड़ित परिवार को रेडक्रॉस के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक सहायता दिलाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत करने की मांग की, ताकि बेघर हुए परिवार को दोबारा सुरक्षित आश्रय मिल सके।
उल्लेखनीय है कि आगजनी की घटना की सूचना डूंगरगांव के कार्यकर्ता विजय चौहान एवं अमखुट के अमित बामनिया ने दी थी। इसके बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए पहल की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए आगे आने पर महेश पटेल एवं विधायक सेना महेश पटेल का आभार व्यक्त किया।
महेश पटेल ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहना ही सच्ची मानवता और जनसेवा है।
