

रिपोर्टर: दीपक शर्मा बामनवास
दौसा। राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर वंदे मातरम्’ का आयोजन किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों, युवाओं एवं आमजन ने जिला कलक्ट्रेट से पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज तक दौड़ लगाकर देशभक्ति, स्वदेशी एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रति संकल्प प्रार्थना, स्वदेशी प्रचार एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुई। वादकों ने राष्ट्रीय धुन का वादन किया। इसके पश्चात् जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा एवं जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर वंदे मातरम्’ का शुभारंभ किया। प्रतिभागी जिला कलक्ट्रेट परिसर से सोमनाथ होते हुए पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचे। सभी प्रतिभागियों ने सफेद टी-शर्ट एवं हाथ में तिरंगा झंडा लेकर दौड़ में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान रंगोली भी बनाई गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा सन्यासी विद्रोह के समय रचा गया यह गीत भारत मां को समर्पित है, जो हमें संगठित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह गीत हमारे पूर्वजों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का प्रतीक है जिसने स्वतंत्रता प्राप्ति में संगठित रहकर आगे बढ़ने में मदद की।
जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने कहा कि यह गीत हम सभी भारतीयों को देशभक्ति की प्रेरणा देता है। इसके माध्यम से हम स्वदेशी जागरण को सुदृढ़ बनाएंगे। उन्होंने उस आत्मा को नमन किया जिन्होंने भारत को एकता के सूत्र में बांधने एवं देशभक्ति जागृत करने का कार्य किया। साथ ही, स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।
जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल ने बताया कि इस अवसर पर दौसा भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राजपूत, सोमेश विजय, मंजू लता जाटव, द्वारिका प्रसाद गुप्ता, पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अरविंद शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा, पुलिस उपाधीक्षक रवि शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी-कार्मिक, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, युवा, शारीरिक शिक्षक, विद्यार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।