
जनसुनवाई में महिलाओं की शिकायत पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
मरकावाड़ा सहित तीन गांवों में छापेमारी, 2500 किलो महुआ लाहन नष्ट, 20 लीटर कच्ची शराब जब्त
पांढुरना। ग्राम मरकावाड़ा की महिलाओं द्वारा जनसुनवाई में अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय की लगातार शिकायत किए जाने के बाद आबकारी विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। महिलाओं ने जनसुनवाई में बताया था कि गांव व आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार बढ़ने से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और परिवारों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

महिलाओं की शिकायत को आधार बनाते हुए सहायक आबकारी आयुक्त श्री भीम राव वैध के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम मरकावाड़ा, लहरादाना एवं कारापाठा क्षेत्र में संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध शराब निर्माण में उपयोग किया जा रहा करीब 2500 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट किया। साथ ही 20 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की गई।

आबकारी विभाग द्वारा जब्ती एवं नष्ट करने की प्रक्रिया नियमानुसार मौके पर पूरी की गई। विभाग ने बताया कि उक्त मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं च के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां चल रही थीं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। महिलाओं द्वारा एकजुट होकर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस कार्रवाई को प्रशासन की संवेदनशीलता और महिला सशक्तिकरण का उदाहरण माना जा रहा है, क्योंकि महिलाओं की आवाज को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने अवैध कारोबारियों पर सख्त प्रहार किया।
अभियान में आबकारी उप निरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी नरेंद्र कुमार नागेश और पूरी टीम सक्रिय रही जिसमें आबकारी आरक्षक श्रीमती श्रद्धा राहंगडाले की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने टीम के साथ सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कार्रवाई को सफल बनाने में योगदान दिया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध आगे भी इसी तरह निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।