

सिंगरौली के वासी बेरदहा के पीड़ित आदिवासियों से राहुल गांधी ने की मुलाकात।
सिंगरौली:– धिरौली कोल ब्लॉक के अंतर्गत वासी बेरदहा क्षेत्र में जंगल कटाई के मामले को लेकर एक नया घटनाक्रम सामने आया है। वासी बेरदहा के पीड़ित आदिवासियों का प्रतिनिधिमंडल किसान कांग्रेस नेता अशोक पैगाम एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज शाह के नेतृत्व में दिल्ली पहुँचा, जहाँ उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित आदिवासियों से एक-एक कर बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। आदिवासियों ने जंगल कटाई, विस्थापन और आजीविका से जुड़े अपने दर्द को उनके समक्ष रखा।
राहुल गांधी ने आदिवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई को संसद से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस मामले में उचित संज्ञान नहीं लिया, तो वे स्वयं सिंगरौली आकर आदिवासियों के साथ सड़क पर उतरकर संघर्ष करेंगे और उनकी आवाज को संसद में प्रमुखता से उठाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम में आदिवासियों की आवाज को दिल्ली तक पहुँचाने में कांग्रेस नेता मनोज शाह की प्रमुख भूमिका रही।