A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :हाईटेक नर्सरी पौथिया का निदेशक उद्यान ने किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। समाचार पत्रों में “भ्रष्टाचार की आंधी में उड़ी 1.3 करोड़ की हाईटेक नर्सरी” शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए निदेशक उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ श्री बी.पी. राम द्वारा दिनांक 29 अगस्त 2026 को राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया में स्थापित हाईटेक नर्सरी का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दिनांक 28 मई 2026 को आई तेज आंधी/तूफान के साथ-साथ कार्यदायी संस्था द्वारा कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी हाईटेक नर्सरी को हुई क्षति का एक प्रमुख कारण रही है। जिला उद्यान अधिकारी द्वारा कार्यदायी संस्था को कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर निदेशक उद्यान ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण में पाया गया कि अभी तक केवल नेट हाउस का स्ट्रक्चर ही खोला गया है तथा 20 दिनों से अधिक समय बीतने के बावजूद कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य बंद रखा गया है। निदेशक उद्यान ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे काली सूची में डालने की कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

Related Articles

निदेशक उद्यान द्वारा राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया में सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर खजूर की स्थापना हेतु प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया गया। स्थल को परियोजना की स्थापना के लिए उपयुक्त पाया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रक्षेत्र में 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ढैंचा हरी खाद तथा 1 हेक्टेयर क्षेत्रफल में भिण्डी आजाद-1 के बीज उत्पादन कार्य का भी जायजा लिया गया। भिण्डी में बीज का जमाव अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर इसकी जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित प्रभारी को फसल की नियमित निराई-गुड़ाई एवं खरपतवार नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त हाईटेक नर्सरी के पीछे लगभग 1 हेक्टेयर भूमि में उगे जंगली बबूल की सफाई कराने तथा पौधशाला में उत्पादित फलदार कलमी पौधों की बिक्री/निस्तारण की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के समय जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद, पीयूष कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक, सुलेमान खान, प्रभारी हाईटेक नर्सरी पौथिया तथा राजकरन सिंह, कनिष्ठ सहायक उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button