
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
जलालपुर, हमीरपुर। थाना जलालपुर क्षेत्र के पुरैनी और उपरहंका गांव के बीच रविवार शाम नाला पार करते समय 15 वर्षीय किशोरी तेज पानी के बहाव में बह गई। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देर शाम तक चेकडैम तक सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुरैनी गांव निवासी साधुराम यादव की 15 वर्षीय पुत्री प्रांसी यादव रविवार शाम खेत में बने डेरा से पैदल अपने गांव लौट रही थी। पुरैनी-उपरहंका मार्ग पर बने रपटा को पार करते समय पुलिया के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था और बहाव तेज था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से प्रांसी पानी में गिरकर तेज बहाव में बह गई।
घटना के समय ग्रामीण राघवेंद्र और दीना मौके पर मौजूद थे। दोनों ने किशोरी को पानी में बहते देखा और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह उनकी पहुंच से दूर निकल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी रवि कुमार और तहसीलदार रविंद्र पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस, फायर सर्विस टीम, गोताखोरों और ग्रामीणों ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे स्थित चेकडैम तक तलाश अभियान चलाया। पानी का बहाव कम होने के बावजूद देर शाम तक किशोरी का पता नहीं चल सका। प्रशासन की निगरानी में सर्च अभियान जारी रहा।
प्रांसी छह बहनों और एक भाई में सबसे छोटी है। उसके पिता साधुराम यादव किसान हैं। बेटी के पानी में बहने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें किशोरी की तलाश में जुटी हैं।

