दीपक शर्मा की रिपोर्ट

शासकीय उचित मूल्य दुकानों की व्यवस्थाओं एवं खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की गई
आलीराजपुर:- उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान।
कलेक्टोरेट सभा कक्ष में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान की अध्यक्षता में जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों की व्यवस्थाओं एवं खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की गई । बैठक में कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि जिले के भ्रमण के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकानों से हितग्राहियों को खाद्यान्न नहीं मिलने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। साथ ही कुछ विक्रेताओं द्वारा हितग्राहियों को यह कहकर भ्रमित किया जा रहा है कि शासन से खाद्यान्न सामग्री का आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि माह अगस्त एवं सितंबर का खाद्यान्न पूर्व से ही आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होना विक्रेताओं की लापरवाही को दर्शाता है।
मंत्री नागर सिंह चौहान ने सभी उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि आगामी दिनों में पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए। सभी उचित मूल्य दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक की जानकारी बोर्ड पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि हितग्राहियों को उपलब्ध सामग्री एवं स्टॉक की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों की रंगाई-पुताई कराने तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जिले में संचालित क्षतिग्रस्त उचित मूल्य दुकानों की सूची तैयार कर प्रशासन के माध्यम से उनके सुधार अथवा पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए।
*महिला समूहों को उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए किया प्रेरित*
कैबिनेट मंत्री चौहान ने महिला समूहों की सदस्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उचित मूल्य दुकानों का संचालन स्वयं महिला समूहों द्वारा ही किया जाए। इससे महिलाओं को दुकान संचालन का अनुभव प्राप्त होगा तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश भी कम होगी। उन्होंने कहा कि महिला समूहों द्वारा उचित मूल्य दुकानों का बेहतर संचालन शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक विक्रेता यह भी सुनिश्चित करे कि उसे आवंटित खाद्यान्न सामग्री गुणवत्तापूर्ण हो। यदि किसी कारणवश खाद्यान्न की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो तत्काल विभाग को सूचना देकर सामग्री को बदलवाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर परिस्थिति में पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर नीतू माथुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनास, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी शिवसुंदर व्यास, जनप्रतिनिधि तथा जिले की समस्त उचित मूल्य दुकानों के विक्रेता उपस्थित थे।

