A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :पुल हादसे में मरने वालों के परिजनों को नौकरी, आवास और मुआवजे की माँग

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। बेतवा नदी के निर्माणाधीन पुल हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करते हुये राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने मृतकों के परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।ज्ञापन में मांग करते हुये कहा गया है कि हादसे में मृत प्रत्येक मजदूर के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। इसके अतिरिक्त, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आवास की सुविधा और मृतकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाए।सपा के जिलाध्यक्ष इदरीस खान ने घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुये कहा है कि निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से उसकी गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल के गिरे हुए हिस्से में सरिया की मात्रा मानकों के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने कहा है कि यदि यह पुल पूरी तरह बनकर यातायात के लिए खोल दिया जाता, तो भविष्य में एक बड़ा हादसा हो सकता था।इदरीस खान ने पुल निर्माण में हुई अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल समुचित मुआवजा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख शुभकरन सिंह परिहार, रामप्रकाश प्रजापति, ओमप्रकाश सोनकर, मानसिंह यादव, रिजवान खान, मैयादीन श्रीवास, सुनील यादव, अभय प्रताप स़िह, जगमोहन यादव, मुसाहिद बेग, हरनरायन निषाद सहित अनेक सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More
Back to top button