

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । जनपद के इंगोहटा गांव स्थित प्रसिद्ध हिम्मत बाबा समाधि स्थल पर 21 मई से 28 मई तक वार्षिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मेला समिति ने तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। सप्ताह भर चलने वाले इस महोत्सव में श्री महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, रामलीला, विशाल दंगल, मेला, कवि सम्मेलन तथा महाभंडारे का आयोजन होगा।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव का विशेष आकर्षण 24 मई रविवार को रात 8:30 बजे से हिम्मत बाबा समाधि स्थल परिसर में आयोजित होने वाला विराट कवि सम्मेलन रहेगा। इस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संध्या में बुंदेलखंड सहित आसपास के क्षेत्रों के कई ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
हास्य रस से श्रोताओं को गुदगुदाने के लिए चरखारी के प्रदीप दिहौलिया, छतरपुर के संजय जैन तथा घाटमपुर के दिनेश दुबे मंच पर मौजूद रहेंगे। वहीं गीत एवं भावपूर्ण काव्य पाठ के लिए चित्रकूट धाम के श्रीनारायण तिवारी, बांदा के प्रकाश चन्द्र सक्सेना, सुमेरपुर के हरीराम गुप्ता, मौदहा के सुरेन्द्र तिवारी तथा धर्मेन्द्र सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि सुरेश भदौरिया करेंगे।
मेला समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का आनंद लेने की अपील की है।