

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर (मौदहा)। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बिहरका गांव में शनिवार को एक परिवार में चल रहे घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बताया जाता है कि गांव निवासी श्याम बाबू की पत्नी सुशीला ने अपनी चार वर्षीय पुत्री निधि के साथ विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।परिजन तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मौदहा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए मां-बेटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।सूचना पर पहुंची मौदहा कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।