मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा विकासखंड के ग्राम छिरका में लालू यादव के घर से अनु कुशवाहा तथा शुभम निगम और भोला शर्मा के घर तक जाने वाला रास्ता इन दिनों बदहाल है।
रास्ते पर अत्यधिक कीचड़ और दलदल होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 25-30 वर्ष पहले इस रास्ते पर अस्थायी रूप से खड़ंजा डाला गया था, जिसके बाद आज तक रास्ते की सुध नहीं ली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने वर्तमान ग्राम प्रधान को कई बार रास्ते की समस्या से अवगत कराया, लेकिन प्रधान की ओर से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि "यह मेरे अंडर में नहीं है।"
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते में लंबे समय से जमा कीचड़ के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कराकर रास्ते का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार योजनाएं चला रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
