

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा, हमीरपुर। आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा व 13 अप्रैल को बाइक रैली एवं विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर मौदहा कोतवाली में आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में अम्बेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजकों से शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान शोभायात्रा के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और आवारा पशुओं की समस्या जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बताया गया कि कस्बे में मीरातालाब, रहमानियां कॉलेज के पीछे तथा स्टेशन रोड स्थित अम्बेडकर पार्कों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं मीरातालाब स्थित अम्बेडकर पार्क से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो फत्तेपुर, तहसील गेट, रहमानिया कॉलेज, नरहय्या होते हुए स्टेशन के निकट स्थित अम्बेडकर पार्क तक पहुंचेगी और पुनः अपने गंतव्य स्थल पर संपन्न होगी।
बैठक में मौजूद आयोजकों ने प्रशासन से आयोजन स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर संदीप बाल्मीकि, अनिकेत सूर्यवंशी, रौकी बाल्मीकि, गुरु तेज प्रताप सिंह, रघुवीर वर्मा एडवोकेट, अंकित मधुपिया सहित कई लोग मौजूद रहे।