
अंबेडकर नगर
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होते ही नई ट्रेनों की सौगात मिलना शुरू हो गई है। वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल होने के बाद अब झारखंड से वाराणसी और अकबरपुर होते हुए अयोध्या जनपद तक नई एक्सप्रेस चलाने का निर्णय हुआ है।इसके साथ ही वाराणसी से अकबरपुर और अयोध्या होते हुए लखनऊ तक 21 मार्च से चार दिन तक होली स्पेशल ट्रेन संचालित होगी।
अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह होने तथा बाराबंकी से जौनपुर जनपद के जाफराबाद स्टेशन तक रेल लाइन दोहरीकरण कार्य लगभग पूरा होने का बड़ा लाभ रेल यात्रियों को मिलने जा रहा है। अभी गत दिवस ही अकबरपुर होकर गुजरने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल हुआ है। यह ट्रेन बिहार के पटना स्टेशन से चलकर वाराणसी, अकबरपुर और अयोध्या हुए लखनऊ तक जाएगी। रोज चलने वाली वंदे भारत उसी दिन लखनऊ से वापस भी लौटेगी।
अब एक नई ट्रेन की सौगात क्षेत्र को मिलने जा रही है। रेलवे ने तय किया है कि झारखंड राज्य के पश्चिम सिंहभूमि जिले के चाईबासा स्टेशन से नई ट्रेन अयोध्या जनपद के दर्शननगर स्टेशन तक चलाई जाएगी। वाराणसी और अकबरपुर होते हुए यह ट्रेन अयोध्या तक जाएगी और फिर वापस लौटेगी।
इस बीच अब एक और नई ट्रेन होली स्पेशल के तौर पर रेलवे इस रूट से होकर चलाएगा। होली स्पेशल के तौर पर नई एक्सप्रेस प्रतिदिन वाराणसी से सुबह 6.25 पर चलकर 8.20 पर अकबरपुर पहुंचेगी। अयोध्या धाम में 9.13 पर रुकने के बाद दोपहर 12.25 पर लखनऊ पहुंच जाएगी।
वापसी में यह ट्रेन शाम 4.35 पर चलकर 6.55 पर अयोध्या धाम और 7.38 पर अकबरपुर आ जाएगी। रात 10.35 पर यात्री वाराणसी पहुंच जाएंगे। इस होली स्पेशल ट्रेन का संचालन 24 मार्च तक होगा। इससे निकटवर्ती जनपदों से घर तक होली में पहुंचने के लिए यात्रियों की मुश्किल काफी हद तक कम हो सकेगी।
यात्री बोले, अभी और उम्मीदें
अकबरपुर नगर के तमसा मार्ग निवासी सुदर्शन अग्रवाल ने नई ट्रेनों के संचालन और ट्रायल पर खुशी जताई। कहा कि अभी इस रूट पर राजधानी जैसी ट्रेन भी वाराणसी और अयोध्या के महत्व को देखते हुए संचालित होनी चाहिए। संजीव कुमार ने कहा कि नई ट्रेनों का ठहराव भी होना चाहिए। यह जिला प्रत्येक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अच्छा हो यदि अकबरपुर से होकर नई ट्रेनों की शुरुआत हो। शहजादपुर निवासी अनिरुद्ध मिश्र ने कहा कि मंदिर बनने से हम सबके भाग्य भी जाग उठे हैं। आने वाले दिन में इधर से निश्चित रूप से कई प्रमुख ट्रेनों के चलने की उम्मीद है।