A2Z सभी खबर सभी जिले की

22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

मध्य रात्रि के बाद अजहर हुसैन रोड स्थित कचरे के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला मृतक


जहानाबाद। शहर के नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय जावेद उर्फ बॉबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक शेखालमचक गरड़ियाखंड का निवासी बताया जाता है। उसकी मां ने मोबाइल चोरी के बाद हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, रविवार को फिदा हुसैन रोड स्थित मगध हॉस्पिटल से एक मरीज का मोबाइल चोरी हो गया था। इसके बाद मोबाइल की तलाश में कुछ लोग युवक के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई।

सूचना मिलने पर 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने युवक की मां से बेटे को बुलाकर मोबाइल वापस कराने को कहा था। रात में जब जावेद घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
मध्य रात्रि के बाद अजहर हुसैन रोड स्थित कचरे के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे घर लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार सुबह परिजनों ने नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।


मृतक की मां ने अस्पताल से मोबाइल चोरी हुए मरीज के परिजनों पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी जावेद पर एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटने का आरोप लगा था, जिसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंपा था।
अपर थाना प्रभारी श्याम कुमार पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Show More
Back to top button