

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए 27 अफसरों की नई तैनाती की है। इसी क्रम में हमीरपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा का तबादला कर उन्हें पुलिस उपायुक्त (DCP), पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बनाया गया है। हमीरपुर में लंबी पारी खेलने के बाद उनके तबादले की खबर से जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
शासन की ओर से जारी सूची के अनुसार मृगांक शेखर पाठक को हमीरपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। डॉ. दीक्षा शर्मा के कार्यकाल में जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कई संवेदनशील मामलों में सक्रिय पुलिसिंग देखने को मिली। उनके तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृगांक शेखर पाठक 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इससे पहले अलीगढ़ नगर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात रहे हैं। अब उन्हें हमीरपुर की कमान सौंपी गई है।
लंबी पारी के बाद हमीरपुर से विदाई, मृगांक शेखर पाठक होंगे नए एसपी; यूपी में 27 आईपीएस अफसरों के तबादले
जारी तबादला सूची के मुताबिक चन्द्र प्रकाश को आईजी सुरक्षा लखनऊ, राजेश द्विवेदी को एसडीआरएफ लखनऊ, श्याम नारायण सिंह को पुलिस अधीक्षक अपराध मुख्यालय, विद्यात्तागर मिश्र को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर, आदित्य लांग्हे को फिरोजाबाद, अमित कुमार आनंद को पुलिस उपायुक्त लखनऊ, ईलामारन जी को एटा, दुर्गेश कुमार को एसएसएफ अयोध्या, तथा श्रीराम नयन सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर भेजा गया है।
इसी क्रम में सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर, सोमेन्द्र मीना को रामपुर, डॉ. दीक्षा शर्मा को पुलिस उपायुक्त लखनऊ, निपुण अग्रवाल को 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद, कमलेश बहादुर को मऊ, विश्वजीत श्रीवास्तव को बहराइच, लाखन सिंह यादव को अमरोहा, विनय कुमार सिंह को जालौन, तथा शशांक सिंह को महोबा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा किए गए इन तबादलों को आगामी प्रशासनिक रणनीति और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं, हमीरपुर में नए एसपी मृगांक शेखर पाठक के आगमन को लेकर पुलिस महकमे और आमजन में उत्सुकता बनी हुई है।