
सौसर में महंगाई व अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस का ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर द्वारा बढ़ती महंगाई और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सोमवार को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौसर को सौंपा गया। इस दौरान सौसर विधायक विजय चौरे भी उपस्थित रहे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र यमदे के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि, बिजली दरों में बढ़ोतरी तथा पेट्रोल-डीजल की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के चलते आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, और हालिया मूल्य वृद्धि ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।

साथ ही, क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सौसर क्षेत्र में अवैध गतिविधियां जैसे जुआ-सट्टा और अवैध शराब का कारोबार गांव-गांव में फैल रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। इन गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस, बिजली और ईंधन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा अवैध कारोबारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
ज्ञापन के अंत में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सौसर द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।