

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मा0 विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी ने जिलाधिकारी घनश्याम मीना की मौजूदगी में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की 12 नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और 23 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही 38 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 16 मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन प्रदान किए गए तथा 6 नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित प्रादेशिक कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने नव चयनित कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं स्मार्टफोन प्राप्त लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए बेहद अहम है, इसलिए सभी अपने कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवनों से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और सभी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
मा0 विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की मजबूत आधारशिला हैं। कुपोषण खत्म करने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से पूरी लगन और ईमानदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।
- इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी इन्द्रपाल सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अमित सोनकर, सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सीडीपीओ राठ प्रीति भिलवारे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।