A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :एडीएम नमामि गंगे ने छिरका में जल जीवन मिशन के सी.डब्ल्यू.आर. का किया निरीक्षण, साफ-सफाई के बाद ही जलापूर्ति के निर्देश

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह द्वारा मौदहा विकासखंड के ग्राम छिरका में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सी.डब्ल्यू.आर. (क्लियर वाटर रिजर्वायर) का औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सी.डब्ल्यू.आर. परिसर एवं जल भंडारण संरचना का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि रिजर्वायर की नियमित एवं गहन सफाई के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Related Articles

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टैंक एवं परिसर की पूर्ण सफाई तथा आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के उपरांत ही जलापूर्ति प्रारंभ की जाए, ताकि ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित रखरखाव तथा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। अतः संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु एवं प्रभावी बनी रहे तथा ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

Show More
Back to top button