
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर।जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में जनपद हमीरपुर में 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का व्यापक आयोजन किया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष अभियान को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित किया गया है। अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के समन्वय से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी गतिविधियों में नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अभियान के दौरान जनपद में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, राष्ट्रीय ध्वज वितरण, तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण, तिरंगा थीम आधारित रंगोली, तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा तिरंगा सेल्फी अभियान सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी भौतिक कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराए तथा आयोजित कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने के नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा अभियान की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दें और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं।

