सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक
– त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर हुई चर्चा
– हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं की व्यवस्था होगी लागू
सूरजपुर/24 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल ने आज सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक लेकर जिले की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती नयन तारा सिंह तोमर, श्री जगन्नाथ वर्मा, एसडीओपी श्री अभिषेक पैकरा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति को देखते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों की समीक्षा की। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार रंबल स्ट्रिप, सड़क संकेतक, साइन एजेंस एवं पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसमें नेशनल हाईवे सहित एक्सीडेंट प्रोन एरिया में सभी आवश्यक यातायात संकेतक लगाने तथा सड़कों की कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
आरटीओ विभाग को ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं दिए जाने संबंधी व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर ने सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां अक्सर मवेशी सड़क पर बैठते हैं। उन्होंने सुरक्षा उपायों के साथ मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।




