

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार राय ने दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक कर्मियों और बड़ी संख्या में वादकारियों की मौजूदगी में लोक अदालत के माध्यम से त्वरित, सुलभ और आपसी सहमति से न्याय दिलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री ज्ञान प्रकाश सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी श्री अरुण कुमार मल्ल, जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री श्री अश्वनी प्रजापति, प्रैक्टिस एंड प्रोग्रेसिव बार के अध्यक्ष श्री मनीराम वर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री महेंद्र कुमार पांडेय समेत अनेक न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
माननीय जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय ने कहा कि लोक अदालत समाज के हर वर्ग को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और बैंक कर्मियों से अपील की कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए।
15,791 वादों का निस्तारण, करोड़ों की धनराशि पर समझौता

राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद न्यायालय, राजस्व विभाग और बैंकों से जुड़े मामलों का बड़े पैमाने पर निस्तारण किया गया।
जनपद न्यायालयों में कुल 3,752 वाद निस्तारित हुए।
राजस्व विभाग ने 12,039 वादों का निस्तारण किया।
बैंकों के 19,852 प्रीलिटिगेशन मामलों में से 265 वाद निस्तारित किए गए।
इस प्रकार कुल 15,791 वादों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया गया।
बैंकों और राजस्व विभाग के माध्यम से 4 करोड़ 22 लाख रुपये की धनराशि समझौते के आधार पर प्राप्त हुई, जबकि न्यायालयों में निस्तारित वादों से करीब 5 करोड़ 58 लाख 57 हजार 354 रुपये की राशि समझौते के रूप में तय हुई।
इस तरह न्यायालय, राजस्व और बैंक मिलाकर कुल 9 करोड़ 80 लाख 82 हजार 455 रुपये की धनराशि समझौते के रूप में प्राप्त हुई।
13 साल पुराना मामला भी सुलझा
लोक अदालत में एक उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राठ श्री शशांक गुप्ता ने 13 वर्षों से लंबित प्राचीन शमनीय वाद अपराध संख्या 109/2012, सरकार बनाम भूरेलाल, थाना बिवार को दोनों पक्षों के बीच सुलह कराकर निस्तारित कराया।
तीन परिवारों में फिर बंधा रिश्ता
परिवार न्यायालय में भी लोक अदालत के दौरान तीन पारिवारिक मामलों में सुलह कराई गई। आपसी समझौते के बाद पति-पत्नी को न्यायालय परिसर से ही साथ विदा कराया गया, जो लोक अदालत की मानवीय और सामाजिक उपयोगिता का बड़ा उदाहरण बना।
100 लीटर का वाटर कूलर भी समर्पित
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर जेके सीमेंट हमीरपुर की ओर से न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा के लिए 100 लीटर क्षमता वाला वाटर कूलर स्थापित कराया गया। इसका लोकार्पण माननीय जनपद न्यायाधीश श्री मनोज कुमार राय ने फीता काटकर किया।
कोर्टवार निस्तारण की झलक
परिवार न्यायालय – 13
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण – 84
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम – 123
विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी – 03
विशेष न्यायाधीश दप्रक्ष – 03
विशेष न्यायाधीश पोक्सो – 02
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट – 902
सिविल जज (सीडी) – 53
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम – 560
सिविल जज (जूडी) हमीरपुर – 610
सिविल जज (सीडी) एफटीसी – 02
क्राइम अगेंस्ट वूमेन एफटीसी – 100
सिविल जज (जूडी) राठ – 365
सिविल जज (जूडी) मौदहा – 188
एसीजेएम राठ – 544
ग्राम न्यायालय सरीला – 100
स्थायी लोक अदालत – 05