
DIG संजीव कुमार त्यागी की मौजूदगी में महादेवा के श्री राम जानकी इंटर कॉलेज में सजे वार्षिक उत्सव के रंगा रंग प्रोग्राम हुआ ।
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा स्थित श्री राम जानकी इंटर कॉलेज में वार्षिक उत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, पोस्टरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षा प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) संजीव कुमार त्यागी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि DIG संजीव कुमार त्यागी द्वारा किया गया, इस दौरान उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक रूधौली कुलदीप यादव भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधक और शिक्षकगण ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
अपने संबोधन में DIG संजीव कुमार त्यागी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और तकनीकी ज्ञान भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने मिशन शक्ति, साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।
वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय के बच्चों ने भक्ति गीत, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लोकनृत्य, एकल नृत्य, नाटक, कविताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान पढ़ाई, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि DIG संजीव कुमार त्यागी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रूधौली कुलदीप यादव, ब्लॉक प्रमुख रघुनाथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र तिवारी, उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महेश शुक्ल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर
संतोष कुमार
अखंड भारत न्यूज बस्ती



