

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
खरीदारी कर रहे युवक के सिर में लगा पत्थर, हालत गंभीर; कानपुर रेफर
हमीरपुर। शहर कोतवाली से महज 200 मीटर दूर स्थित पूजा गेस्ट हाउस के बाहर एक शादी समारोह के दौरान बारातियों में मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे, फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई और कुर्सियां तक चल गईं। इस दौरान गेस्ट हाउस के सामने दुकान पर सामान खरीद रहे एक स्थानीय निवासी के सिर में पत्थर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बारातियों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में खूनी झड़प में बदल गई।
हैरानी की बात यह रही कि शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर यह पूरा बवाल काफी देर तक चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए हंगामे से इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बाराती आपस में मारपीट करते, पत्थर फेंकते और कुर्सियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
यह पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के पूजा गेस्ट हाउस का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।