

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। क्षेत्र में इन दिनों “लाल सोना” कही जाने वाली बालू की अवैध तस्करी चरम पर है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
मौदहा में लाल सोने पर प्रशासन का शिकंजा
उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, तहसीलदार शिखर मिश्रा और नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने अछरौड घाट से अवैध बालू लादकर आ रहे तीन ट्रैक्टरों को कपसा रोड पर पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालकों — अछरौड निवासी दादू, छत्रपाल और कपिल — को भी मौके से हिरासत में लिया गया।
पकड़े गए ट्रैक्टरों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही तीनों चालकों और वाहनों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को लिखित पत्र सौंपा गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।