फूलन देवी की 63वीं जयंती धूमधाम से मनाई, निकली भव्य रैली
कालपी (जालौन)
सोमवार को वीरांगना फूलन देवी की 63 वीं जयंती के अवसर पर तहसील क्षेत्र के ग्राम मदारपुर कालपी में निषाद समाज के तत्वावधान में भव्य रैली का आयोजन किया गया। महारैली को लेकर निषाद समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
महारैली की शुरुआत व्यास मंदिर से की गई। इसके बाद वीरांगना फूलन देवी के सम्मान में लोगों ने पैदल मार्च निकाला। कार्यक्रम के उपरांत गोष्ठी का आयोजन कर शिक्षा, सामाजिक एकजुटता तथा संविधान के प्रति जागरूकता पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान द्वारा की गई, जबकि संचालन बाबू सिंह निषाद ने किया। मुख्य वक्ता अधिवक्ता सतीश चंद्र निषाद ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
अधिवक्ता सतीश चंद्र निषाद ने कहा कि यदि समाज अथवा पार्टी की ओर से जिला पंचायत चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है तो वीरांगना फूलन देवी के गांव में उनके सम्मान में भव्य स्मारक का निर्माण कराने तथा शिक्षा के क्षेत्र में विशेष व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान उमाशंकर निषाद, पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ कालपी अमर सिंह निषाद, छोटेलाल निषाद, अधिवक्ता रामजी रामसखा, प्रधान बाल सिंह निषाद, प्रदीप कुशवाहा, जय सिंह निषाद सहित बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने वीरांगना फूलन देवी के जीवन, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए समाज में एकजुटता बनाए रखने तथा शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला संवाददाता
गायत्री निषाद
फोटो – कार्यक्रम में शामिल लोग

