
डिंडौरी आज 05 फरवरी 2026 गुरुवार को डिंडोरी वृत्त अंतर्गत वितरण केंद्र शहपुरा में विद्युत अधिकारी आर.सी. साहू के निर्देशन में बकाया विद्युत बिल वसूली को लेकर कार्यवाही की गई।
जानकारी के अनुसार श्रीमती रेखा गोस्वामी, पति उदयगिरी गोस्वामी, स्टोन क्रेशर शहपुरा, सर्विस क्रमांक 1152027387 पर विद्युत बिल की लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये की बकाया राशि लंबित थी। पूर्व में उपभोक्ता को मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी समाधान योजना के अंतर्गत छूट का लाभ उपलब्ध होने की जानकारी दी गई थी एवं बकाया राशि जमा करने हेतु समझाइश भी दी गई, किंतु उपभोक्ता द्वारा निर्धारित समयावधि में बिल का भुगतान नहीं किया गया।
बकाया राशि जमा न होने की स्थिति में आज उपभोक्ता परिसर में स्थापित 200 केवीए ट्रांसफार्मर हटाने हेतु गठित विभागीय टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान उपभोक्ता द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए विवाद की स्थिति निर्मित की गई। स्थिति को नियंत्रित करने एवं विधि सम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा के प्रशासनिक सहयोग से पुलिस बल की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर हटाने की कार्यवाही सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि शासन के निर्देशानुसार बकाया बिलों की वसूली एवं नियमों के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।