*हरदोई एसपी को हाईकोर्ट की फटकार, कहा- कानून का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं*
लखनऊ – इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच ने हरदोई के एसपी को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा है कि दिमाग खोलकर काम करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। यह वार्निंग हरदोई पुलिस के एक कारनामे पर जारी की गई है, जिसमें कानून का खुला दुरुपयोग किया गया है।
दरअसल, हरदोई के पत्रकार हरिश्याम बाजपेयी को वर्ष 2022 में एक फर्जी केस में फंसा दिया गया था, जिसमें वे वर्ष 2024 से नियमित जमानत पर हैं। बावजूद इसके, हरदोई एसपी ने पत्रकार को केस में फरार बताते हुए वर्ष 2025 में 5 हजार का ईनाम घोषित कर दिया, जिसमें एनकाउंटर की भी लिखित रूप से धमकी दी गई।
इस मामले में हाईकोर्ट ने कहा कि यह कानून का खुला दुरुपयोग है और यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने हरदोई पुलिस को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि भविष्य में पत्रकार के साथ कोई भी घटना होती है, तो कानून के अनुसार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट ने इस मामले में यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी लखनऊ जोन, आईजी लखनऊ जोन, डीएम हरदोई एसपी, सीओ, एसएचओ, व चौकी इंचार्ज रेलवेगंज को पार्टी बनाया है।

