
*पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत निर्माण में योगदान को किया याद*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना, 21 मई। जिला कांग्रेस कमेटी पांढुरना द्वारा गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, पारडी रोड में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों एवं देश के प्रति योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम दोपहर 2 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, तकनीकी विकास और युवा नेतृत्व की नई दिशा प्रदान की। सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार क्रांति एवं पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने का सपना देखा था और उनके कार्यकाल में कई ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिनका लाभ आज भी देश को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने, युवाओं को अवसर देने और लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए किए गए उनके प्रयासों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयंत घोड़े, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष ताहिर पटेल, मनोहर सिंह ठाकुर, हरनाम सिंह सेंगर, अमोल धर्माधिकारी, उज्वल देशमुख, रमेश धारपूरे, जम्मी भाईजान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलकर संगठन को मजबूत बनाने एवं जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।