A2Z सभी खबर सभी जिले की

*सीआईएसएफ ने चलाया व्यापक वाहन जांच अभियान, 300 से अधिक कोयला वाहनों की हुई जांच*

धनबाद/ भारत सरकार की “Zero Coal Leakage Tolerance Policy” के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कोयला चोरी, अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद द्वारा मंगलवार को व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान धनबाद के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच के तहत संचालित किया गया।सीआईएसएफ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान लगभग 300 कोयला परिवहन वाहनों के दस्तावेज, चालकों के लाइसेंस, ई-वे बिल तथा अन्य परिवहन अभिलेखों की गहन जांच की गई। यह जांच सिजुआ, तेलोनिया, बरोरा, गोविंदपुर, कुसुंडा, पुटकी, बस्ताकोला, भौंरा एवं बेनो क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर की गई।अभियान के तहत पुटकी क्षेत्र में 32 कोयला वाहनों का डिजिटल सत्यापन “Parivahan App” के माध्यम से भी किया गया। जांच के दौरान सभी वाहन वैध दस्तावेजों के अनुरूप पाए गए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, संदिग्ध गतिविधि या अवैध कोयला परिवहन का मामला सामने नहीं आया। इसके अलावा मुद्रा, झरिया, एफजेडआई एवं डीआरआर रेल साइडिंग क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी के दौरान कोई अवैध गतिविधि नहीं पाई गई।सीआईएसएफ की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने एरिया भ्रमण के दौरान संदेह के आधार पर एक बोलेरो पिकअप वाहन (संख्या JH09AE-1324) को रोककर जांच की। प्रारंभिक जांच में चालक आवश्यक अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। बाद में नियंत्रण कक्ष एवं आईडीसीसी (VTS) के माध्यम से सत्यापन कराने पर वाहन के पास वैध अनुमति पाए जाने के बाद उसे आगे जाने की अनुमति दे दी गई।पूरे अभियान के दौरान सीनियर कमांडेंट, डिप्टी कमांडेंट, असिस्टेंट कमांडेंट सहित अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही।सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि “Zero Coal Leakage Tolerance Policy” के तहत राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा, कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।सीआईएसएफ ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि कोयला क्षेत्र से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल, कोयला नगर, धनबाद के हेल्पलाइन नंबर 9341528406 (व्हाट्सएप कॉल) पर दें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Show More
Back to top button