

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा तहसील क्षेत्र में कपसा रोड स्थित हामिद शहीद बाबा के पास लगभग 10 बीघा भूमि को जांच पूरी होने के बाद प्रशासन ने शत्रु संपत्ति घोषित करते हुए कब्जामुक्त कर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया। कार्रवाई उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई।प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि आजादी से पहले विदेश चले गए व्यक्तियों के नाम दर्ज थी। जांच में अभिलेखों के आधार पर इसे नियमानुसार शत्रु संपत्ति की श्रेणी में रखा गया, जिसके बाद भूमि को सरकारी संपत्ति घोषित कर नगर पालिका परिषद के सुपुर्द कर दिया गया।बताया गया कि हुसैनिया क्षेत्र के कुछ लोगों ने भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नईमुद्दीन एवं राणा परवीन के कब्जे से भूमि को मुक्त कराया। इस दौरान उपजिलाधिकारी के साथ क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व विभाग तथा नगर पालिका परिषद की टीम मौजूद रही।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शत्रु संपत्ति वह संपत्ति होती है, जो देश के विभाजन के बाद पाकिस्तान चले गए लोगों की भारत में छूट गई थी और कानून के तहत उसका प्रबंधन सरकार द्वारा किया जाता है।