

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। शहर में गुरुवार को नगर पालिका परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम बुलडोजर, ट्रैक्टर और कर्मचारियों के साथ मुख्य मार्गों पर उतरी तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।

अभियान नगर पालिका परिसर के सामने से शुरू होकर बस स्टॉप, जीजीआईसी मार्ग और अमन शहीद क्षेत्र तक चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे रखे सामान, अस्थायी टीन शेड, ठेले और अवैध कब्जों को हटाया गया।
नगर पालिका अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क और नालियों पर दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहा।
अधिकारियों के अनुसार शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।