

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के भमोरा गांव में पानी की टंकी पर भगवा ध्वज और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का झंडा लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी की टंकी पर पहले से भगवा ध्वज लगा हुआ था। इसी बीच दूसरे पक्ष द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर का झंडा लगाया गया। झंडों के आकार और उन्हें लगाने के तरीके को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तनावपूर्ण माहौल में बदल गई। सूचना फैलते ही गांव के काफी लोग मौके पर जमा हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। कुछ समय तक गांव में तनाव बना रहा, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने-अपने झंडे सम्मानपूर्वक हटाकर निजी स्थान पर रख लिए। इसके बाद दोनों पक्ष शांतिपूर्वक अपने घर लौट गए।
थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि गांव में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी रख रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।