

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त एवं अनुशासित बनाने की दिशा में मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक मंगलवार परेड का अपर पुलिस अधीक्षक ने सघन निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी लेकर पुलिसकर्मियों की एकरूपता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का बारीकी से परीक्षण किया तथा टोलीवार ड्रिल कराकर आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता एवं फिटनेस बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ भी कराई गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 की पीआरवी चार पहिया वाहनों, दंगा नियंत्रण उपकरणों तथा संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता का जायजा लिया और सभी संसाधनों को हर समय पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।इसके उपरांत पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा (ऑर्डर रूम) के दौरान विभागीय प्रकरणों एवं अभिलेखों की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

