
लक्ष्य से अधिक राजस्व अर्जित कर पंजीयन विभाग ने बनाया नया रिकॉर्ड, करोड़ों की बढ़ोतरी दर्ज
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा जिले के पंजीयन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व अर्जित किया है। विभाग को इस वर्ष 38 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध लगभग 43 करोड़ रुपये की आय प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।
जिले में पंजीयन विभाग द्वारा प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के चलते राजस्व में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। विभाग के माध्यम से इस वर्ष लगभग 23 करोड़ 40 लाख रुपये की आय अर्जित की गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा लगभग 20 करोड़ रुपये था। इस प्रकार इस वर्ष करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये की अतिरिक्त राजस्व वृद्धि दर्ज की गई है।
जिला पंजीयन एवं उप-पंजीयक कार्यालयों के माध्यम से वित्तीय वर्ष में लगभग 6000 दस्तावेजों का सफलतापूर्वक पंजीयन किया गया। विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रणाली ‘संपदा-2’ के माध्यम से पंजीयन कार्यों को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाया गया है, जिससे आमजन को सुविधाजनक सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
‘संपदा-2’ प्रणाली के उपयोग से पंजीयन कार्यों में तेजी आई है तथा नियमों के अनुरूप सटीक मूल्यांकन सुनिश्चित हुआ है। इसका सकारात्मक प्रभाव राजस्व वृद्धि के रूप में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।