
बस्ती – नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटहन गांव में विद्युत स्पर्शाघात से हुई दो सगे भाइयों शशिभूषण (26) और विश्वबल्लभ (23) की मौत से गांव सहित समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। 10 जून, मंगलवार को सुबह 7.30 बजे हाई वोल्टेज करंट लगने से दोनों युवकों की मौत हो गई थी। देर रात्रि पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे। शव को देखते ही चीख-पुकार मच गई। अंतिम संस्कार के लिए पूरा गांव मौजूद था। जब शवों को अंतिम यात्रा के लिए उठाया गया, तो परिवार की महिलाएं और बहनें विलाप करते हुए शवों के पीछे दौड़ पड़ीं। लोगों ने उन्हें समझा-बुझाकर किसी तरह सांत्वना दी। इसके बाद शवों को दाह संस्कार के लिए टांडा घाट ले जाया गया। जहां पर दोनों भाइयों की चिताएं अगल-बगल बनाई गईं। पिता घनश्याम ने भारी मन से अपने दोनों बेटों की चिताओं पर मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके हाथ कांप रहे थे। माता-पिता की स्थिति बेहद दयनीय थी। दोनों नौजवान भाइयों की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक और बिजली विभाग के गैर जिम्मेदाराना कार्य व्यवहार को लेकर आक्रोश व्याप्त है। देर रात तक लोगों की सिसकियां सुनाई देती रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईश्वर किसी भी परिवार को दुख के ऐसे पहाड़ के नीचे कभी भी ना खड़ा करें।
