
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बिवांर रोड स्थित सिलौली गांव के पास मंगलवार को ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गुड़ा गांव निवासी श्यामलाल (68) और करहिया निवासी रमजानी (28) को जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमजानी का उपचार जारी है।
हादसे में सिलौली निवासी कल्लू (17), स्वदेश (32), शाहीन बानो 35 वर्षीय तथा राजू 35 वर्षीय खंडेह निवासी भी घायल हुए हैं। मृतक श्यामलाल किसी कार्य से कम्हरिया जा रहे थे। वो अपने पीछे परिवार में पत्नी और पुत्र को रोता हुआ छोड़ गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच हुआ है ।
मौदहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

